विद्यार्थियों को तनावमुक्त परीक्षा के कलए दी गई प्रेरणा
लाडनूँ, 6 जनवरी 2026। संस्थान के शिक्षा विभाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनूठी पहल ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ 9वें संस्करण के संदर्भ में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. बी. एल. जैन ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा को उत्सव के रूप में लेने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा समय प्रबंधन और आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक चरण है, इसे भय नहीं बल्कि सीखने के अवसर के रूप में देखना चाहिए। प्रो. जैन ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, स्वस्थ दिनचर्या और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. गिरधारी लाल शर्मा ने परीक्षा पे चर्चा- 2026 के उद्देश्यों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद को सशक्त बनाती है तथा परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करने में सहायक है। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के सभी विद्यार्थी, उनके अभिभावक तथा शिक्षक सहभागी हो सकते हैं। उन्होंने पंजीयन की पूरी जानकारी भी साझा की और बताया कि परीक्षा पे चर्चा 2026 कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले स्टूडेंट्स को न केवल प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा, बल्कि वे उनके साथ सेल्फी भी ले सकेंगे. इसके अलावा, 10 छात्रों को प्रधानमंत्री आवास (7, लोक कल्याण मार्ग) के दौरे का अनुभव भी मिलेगा अतः इस कार्यक्रम में अधिकाधिक पंजीयन करवाने का प्रयास करें तथा कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के अंत में प्रो. जैन ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के सभी शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।



