लाडनूँ, 23 जनवरी 2026। संस्थान के आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय में बसंत पंचमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ रविंद्र सिंह राठौड़ ने की। प्रारम्भ में दीप प्रज्वलन के साथ माँ वागीश्वरी के रूप में बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष छात्रा स्नेहा सोनी एवं समूह द्वारा आराधना गीत की प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम संचालक अभिषेक चारण ने बसंत पंचमी या वसंतोत्सव के औचित्य को साझा किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. रविंद्रसिंह राठौड़ ने मां वीणापाणी के जन्मोत्सव को प्रकृति का एक विशिष्ट उपहार मानते हुए मां शारदा के स्नेह से सिंचित वसुंधरा के प्रफुल्लित स्वरूप को हर प्रकार की नवोदित ऊर्जा एवं उत्साह का आगाज कहा। अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्षा प्रो. रेखा तिवाड़ी ने भी छात्राओं के बीच बेहतर भविष्य हेतु आशीर्वचन दिया। कार्यक्रम में छात्रा प्रिया पाटनी ने मां शारदे को समर्पित कविता पाठ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की संपूर्ण संयोजना छात्रा विनीता कंवर एवं समूह के नेतृत्व में आयोजित की गई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन बीए तृतीय वर्ष की छात्रा तमन्ना तँवर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मधुकर दाधीच, देशना चारण, घासीलाल शर्मा, हीरालाल देवासी आदि एवं समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं।



